फुटपाथ पर रहने वाले निराश्रितों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा, लगा निशुल्क चिकित्सा शिविर

प्रयागराज। सामाजिक संस्था मदद फाउंडेशन द्वारा शुक्रवार को फुटपाथ पर रहकर जीवन-यापन करने वाले निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आदर्श पाठक ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा निशुल्क दवाइयों का वितरण किया।

यह भी पढ़ें - 200 सप्ताह... 30 हजार से अधिक भोजन... और सेवा का अटूट संकल्प; प्रयागराज में मानवता की नई पहचान बना मदद फाउंडेशन

मदद फाउंडेशन (Madad foundation) की टीम भोजन वितरण के दौरान ऐसे निराश्रितों को चिन्हित करती है, जो विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित होते हैं। इसके बाद प्रत्येक माह दो बार चिकित्सकों की टीम के सहयोग से उनके स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। संस्था का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि निराश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराना है।

मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी (Mangla Prasad Tiwari) ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से फुटपाथ पर रहने वाले असहाय लोगों के लिए निशुल्क भोजन, पेयजल, दवाइयां, जूते-चप्पल एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था को किसी प्रकार का सरकारी अनुदान प्राप्त नहीं होता। यह सेवा अभियान समाज के सहयोग, क्राउड फंडिंग तथा संस्था से जुड़े सदस्यों द्वारा अपनी आय का 10 प्रतिशत सेवा कार्यों में समर्पित कर संचालित किया जाता है।

उन्होंने बताया कि फाउंडेशन का "रविवार की रसोई" (Ravivar Ki Rasoi) अभियान लगातार जारी है, जिसके माध्यम से प्रत्येक रविवार जरूरतमंदों तक निशुल्क भोजन एवं पेयजल पहुंचाया जाता है। यह सेवा अभियान 205 सप्ताह सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुका है तथा अब तक 30 हजार से अधिक भोजन निराश्रितों तक पहुंचाए जा चुके हैं।

यह भी पढ़ें - मदद फाउंडेशन की अनोखी पहल: प्रयागराज में निराश्रितों के लिए शुरू हुआ मुफ्त जूते-चप्पल वितरण अभियान

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ