प्रयागराज। बढ़ती गर्मी और जल संकट की आशंका के बीच सामाजिक संस्था मदद फाउंडेशन ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए शहर में निशुल्क पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। संस्था ने निराश्रितों, राहगीरों एवं आम नागरिकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर एवं पानी की टंकियां स्थापित करने का प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष रखा है।
इसी क्रम में संस्था की टीम ने संरक्षक दिनेश तिवारी के नेतृत्व में जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष वर्मा, महापौर गणेश केशरवानी एवं महाप्रबंधक जलकल इं. कुमार गौरव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं फुटपाथों पर जीवन यापन करने वाले निराश्रितों के क्षेत्रों में मुफ्त पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रशासन ने इस पहल को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसकी सराहना की। जिलाधिकारी, महापौर एवं जलकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित विभागों को इस दिशा में शीघ्र एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे गर्मी के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में भी मदद फाउंडेशन के प्रयासों से प्रयागराज के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पानी की टंकियां एवं वाटर कूलर स्थापित किए गए थे, जिससे हजारों जरूरतमंदों, निराश्रितों एवं आमजन को भीषण गर्मी में बड़ी राहत मिली थी। संस्था का यह निरंतर प्रयास उसे शहर की अग्रणी सामाजिक संस्थाओं में स्थापित करता है। मदद फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। “रविवार की रसोई” जैसे अभियानों के माध्यम से संस्था फुटपाथों पर रहने वाले जरूरतमंदों को घर का बना पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करा रही है।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी, संरक्षक दिनेश तिवारी, जिलाध्यक्ष प्रयागराज अरविंद पांडेय, बुंदेलखंड प्रभारी विवेक मिश्र सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। संस्था ने समाज के सभी वर्गों से इस पुनीत कार्य में सहयोग करने की अपील की है, ताकि भीषण गर्मी के दौरान अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाई जा सके।




0 टिप्पणियाँ