प्रयागराज। मदद फाउंडेशन के राष्ट्रीय कार्यालय संगम विहार हवेलिया, झूसी, प्रयागराज में आज राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर झंडारोहण का कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के मार्गदर्शक पं. श्री कैलाश नाथ तिवारी, पूर्व प्रवक्ता नागरिक इंटर कॉलेज जंघई द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट किया।
इस अवसर पर मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी ने अपने संदेश में कहा कि संस्था समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने “रविवार की रसोई” एवं “सर्दी के सिपाही” जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जो सेवा और समर्पण की भावना का सशक्त उदाहरण है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह ने अपने वक्तव्य में मदद फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था की कार्यशैली पारदर्शी और समाजोपयोगी है, जो अन्य संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रदेश उपाध्यक्ष कुशलेश दुबे ने कहा कि मदद फाउंडेशन ने कम समय में समाज में अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने संस्थापक की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व संस्था को नई ऊँचाइयों तक ले जा रहा है।
संस्था के सक्रिय सदस्य यश शर्मा ने कहा कि मदद फाउंडेशन केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा का एक आंदोलन है, जिसमें हर कार्यकर्ता समाज के प्रति जिम्मेदारी निभा रहा है। वहीं सक्रिय सदस्य राजेंद्र पाल ने कहा कि संस्थापक एवं पूरी टीम का समर्पण ही संस्था की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिवप्रकाश मिश्रा, डॉ. के. आर. सिंह यादव, प्रवीण मिश्रा, अखिलानंद शुक्ला, प्रदीप पांडेय सहित दर्जनों सम्मानित गण एवं संस्था के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और सामाजिक सेवा के संकल्प के साथ किया गया।



0 टिप्पणियाँ