प्रयागराज। मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर प्रयागराज की बहुचर्चित सामाजिक संस्था मदद फाउंडेशन द्वारा संचालित रविवार की रसोई का 181वां सप्ताह संपन्न हुआ। संस्था द्वारा गंगा स्नान करने आए श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई। संस्था की ओर से यह सेवा पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत झूसी स्थित चश्मा घर के पास संचालित की गई, जहां दोपहर से ही बड़ी संख्या में स्नानार्थियों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया।
इस सेवा अभियान का नेतृत्व संस्था के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी एवं मार्गदर्शक पंडित श्री कैलाश नाथ तिवारी (पूर्व प्रवक्ता, नागरिक इंटर कॉलेज जंघई) ने किया। उनके कुशल मार्गदर्शन में संस्था की सक्रिय टीम ने सैकड़ों श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से निशुल्क भोजन एवं पानी उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम में संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह, जिला अध्यक्ष अरविंद पांडेय, सक्रिय सदस्य यश शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव अमृता तिवारी, राजेंद्र पाल, पुनीत श्रीवास्तव सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव के साथ अपनी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी ने बताया कि मदद फाउंडेशन विगत कई वर्षों से निरंतर “रविवार की रसोई” अभियान के माध्यम से फुटपाथों पर जीवन यापन करने वाले निराश्रितों एवं जरूरतमंदों के लिए निशुल्क भोजन व पानी की व्यवस्था कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था को किसी प्रकार का सरकारी या गैर-सरकारी अनुदान प्राप्त नहीं होता, बल्कि संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य अपनी कुल आय का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा इस पुनीत कार्य के लिए समर्पित करते हैं।
वहीं सक्रिय सदस्य यश शर्मा ने बताया कि आने वाले सभी प्रमुख स्नान पर्वों पर भी मदद फाउंडेशन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए इसी प्रकार निशुल्क भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
मौनी अमावस्या जैसे महापर्व पर मदद फाउंडेशन की यह सेवा पहल श्रद्धालुओं के बीच सराहना का विषय बनी और सामाजिक सहयोग व मानवता की मिसाल प्रस्तुत करती नजर आई।

0 टिप्पणियाँ