‘रविवार की रसोई’ के जरिए 30 हजार से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाया निःशुल्क भोजन
प्रयागराज। समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य करने के लिए मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी एवं सह संस्थापक अमृता तिवारी को हिंदी दैनिक ‘वॉइस ऑफ प्रयागराज’ के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘विशिष्ट जन सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। रविवार को हिंदुस्तानी अकादमी, प्रयाग संगीत समिति, सिविल लाइंस के सभागार में आयोजित समारोह में उन्हें गरीब, जरूरतमंद और निराश्रित लोगों की सेवा के लिए सम्मान प्रदान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा उपविशिष्ट अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ‘बाबूवा’ के हाथों मंगला प्रसाद तिवारी एवं अमृता तिवारी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘वॉइस ऑफ प्रयागराज’ के संपादक संदीप कुमार तिवारी द्वारा किया गया।
‘रविवार की रसोई’ से जरूरतमंदों तक पहुंच रही सेवा
मंगला प्रसाद तिवारी अपनी संस्था मदद फाउंडेशन के माध्यम से पिछले चार वर्षों से भी अधिक समय से ‘रविवार की रसोई’ नामक अभियान चला रहे हैं। इसके तहत फुटपाथ पर रहकर अपना जीवन यापन करने वाले जरूरतमंद, निराश्रित एवं गरीब लोगों के लिए निःशुल्क भोजन, पानी, दवाइयों और कपड़ों की व्यवस्था की जाती है। मंगला प्रसाद तिवारी और उनकी टीम अपनी मासिक आय का 10 प्रतिशत हिस्सा समाजसेवा के इन कार्यों में समर्पित करते हैं। संस्था को अभी सरकार की ओर से किसी प्रकार का अनुदान प्राप्त नहीं होता। इसके बावजूद संस्था की टीम अपने संसाधनों से लगातार सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
30 हजार से अधिक लोगों तक पहुंचा भोजन
‘प्रयाग भूषण सम्मान-2024’ एवं ‘यूथ आइकॉन ऑफ प्रयागराज-2026’ से सम्मानित मंगला प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में मदद फाउंडेशन अब तक 30 हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क भोजन पहुंचा चुका है। ‘रविवार की रसोई’ के माध्यम से प्रत्येक रविवार प्रयागराज के विभिन्न क्षेत्रों में फुटपाथ पर रहने वाले, गरीब, असहाय और निराश्रित लोगों तक भोजन पहुंचाया जाता है। संस्था का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों को सम्मान, अपनत्व और सहयोग का एहसास कराना भी है। इसी भावना के साथ संस्था द्वारा समय-समय पर जरूरतमंदों को कपड़े, चप्पल, पानी, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।
सेवा कार्यों को लगातार विस्तार देने का प्रयास
मदद फाउंडेशन ‘चलो खुशियां बांटें’ के संकल्प के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, कपड़ा वितरण, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी कार्य कर रहा है। संस्था का प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाई जा सके।
मंगला प्रसाद तिवारी का कहना है कि समाजसेवा केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी जरूरतमंद के कठिन समय में उसके साथ खड़ा होना ही वास्तविक सेवा है। इसी सोच के साथ मदद फाउंडेशन का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए और जरूरतमंदों को आवश्यकता के समय हरसंभव सहयोग मिल सके। विशिष्ट जन सम्मान मिलने पर मदद फाउंडेशन की टीम, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों ने मंगला प्रसाद तिवारी एवं अमृता तिवारी को बधाई देते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की।


0 टिप्पणियाँ