प्रयागराज में माघी पूर्णिमा के अवसर पर मदद फाउंडेशन ने आयोजित किया विशाल नि:शुल्क भंडारा

प्रयागराज। माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर संगम नगरी प्रयागराज में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से मदद फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप निःशुल्क भोजन, स्वच्छ पेयजल एवं बिस्किट वितरित किए गए।


संस्था द्वारा प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से संचालित की जाने वाली रविवार की रसोई के 183वें सप्ताह को विशेष निर्णय लेते हुए माघ मेले में आए स्नानार्थियों की सेवा हेतु भंडारे के रूप में परिवर्तित किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तय समय पर संस्था की पूरी टीम सेवा स्थल पर उपस्थित रही और पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया।


भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद सेवा कार्य अनुशासन और समर्पण के साथ संपन्न किया गया। भोजन वितरण के साथ-साथ पानी और बिस्किट की भी व्यवस्था की गई, जिससे स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं ने संस्था के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।


यह सेवा कार्यक्रम संस्था के मार्गदर्शक पं. कैलाश नाथ तिवारी के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी, राष्ट्रीय सचिव अमृता तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह, जिलाध्यक्ष अरविंद पांडेय, वरिष्ठ सदस्य यश शर्मा, राजेंद्र पाल सहित संस्था के दर्जनों पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे और सभी ने सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।


इस अवसर पर संस्था प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि माघ मेला जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सेवा करना ही वास्तविक मानव सेवा है। मदद फाउंडेशन समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता हेतु निरंतर कार्य करता रहा है और भविष्य में भी इसी तरह के सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ